uttarakhand City news उत्तराखंड में बड़ा रोजगार मेला लग रहा है जिसके लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं आ रही खबरों के अनुसार इसमें बेरोजगार युवकों को बड़ा रोजगार मिलेगा।।
चंपावत
स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन
2,000 रिक्त पदों पर नियुक्तियां
जिला प्रशासन चम्पावत के तत्वावधान में कल 02 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट में एक विशाल एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी श्री आर.के पंत ने बताया कि इस मेले में हेता ऑर्गेनिक, पुखराज हेल्थकेयर, क्वैस क्रॉप, जेबीएम ग्रुप, गणेश प्रा. लि., नील मैटल, सनसेरा और स्पार्क मिन्डा युवा शक्ति फाउंडेशन सहित 08 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के एचआर प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। अभियान के तहत लगभग 2000 रिक्तियों के सापेक्ष बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
रोजगार मेले के लिए शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक और बी.टेक निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों के लिए कार्यस्थल चम्पावत, पंतनगर, रुद्रपुर, नोएडा एवं हरियाणा रहेगा। मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष के मध्य होनी चाहिए और चयनित उम्मीदवारों को 10,000 से 25,000 रुपये तक का वेतनमान उनके चयनित पद तथा योग्यता के आधार पर प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षिक योग्यता के समस्त मूल प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां, बायोडाटा और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि को प्रातः 10:00 बजे स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट में उपस्थित हो सकते हैं।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों को मेले में आने के लिए कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
मेले में प्रतिभाग करने हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों को नेशनल करियर सर्विस पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर अपना अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
रोजगार मेले के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 05965-297303, 7830860575 अथवा 8445855555 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा है कि यह मेला स्थानीय युवाओं के रोजगार उपलब्ध कराने का एक प्रमुख मंच है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है ताकि वे अपनी योग्यता के अनुसार स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।




