उत्तराखण्ड

नैनीताल में एलपीजी और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर न दें ध्यान : एसएसपी (हल्द्वानी)

नैनीताल में एलपीजी और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर न दें ध्यान : एसएसपी


हल्द्वानी/नैनीताल। मध्य एशिया में जारी तनाव के बीच प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को प्रशासन ने पूरी तरह निराधार बताया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि जनपद नैनीताल में कुकिंग गैस और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है तथा पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर मुख्य सचिव, डीजीपी और गृह सचिव की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और आपूर्ति अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की गई, जिसमें आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। समीक्षा में सामने आया कि उत्तराखंड में एलपीजी का दो से तीन सप्ताह से अधिक का पर्याप्त भंडार मौजूद है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में स्थित बड़े बॉटलिंग प्लांटों में निरंतर उत्पादन जारी है और राज्य अपनी जरूरतों के साथ अन्य राज्यों को भी गैस की आपूर्ति कर रहा है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि अफवाह फैलाकर लोगों में भय का माहौल बनाने वालों और इस स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर जमाखोरी, ब्लैक मार्केटिंग या ओवररेटिंग में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी तथा उसकी डीलरशिप निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार सघन चेकिंग कर रही हैं। थानों और सर्किल स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है, जिसमें तहसीलदार, एसडीएम और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों और ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं।
एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक 112 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नैनीताल पुलिस और प्रशासन जनता को निर्बाध गैस और ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Ad
To Top