धार्मिक स्थलों के खुलने से पूर्व हुई साफ सफाई और सैनिटाइजेशन
काशीपुर।
आज से धार्मिक स्थलों को खोलने के सरकार के फैसले के मद्देनजर हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख तथा ईसाई धर्म समेत सभी धार्मिक धर्मगुरुओं ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए धार्मिक स्थलों पर आने वाले अनुयायियों से कोरोना वायरस से बचाव के लिए अपनाए जाने वाले सभी नियमों को अपनाते हुए धार्मिक स्थलों पर आकर पूजा पाठ करने की अपील की।

दरअसल कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते सरकार ने कड़ा फैसला लेते हुए सभी धार्मिक स्थलों पर धार्मिक अनुष्ठानों के लिए तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी। अब जबकि सरकार ने 8 जून से धार्मिक स्थलों को खोले जाने के आदेश कर दिए हैं तो ऐसे में सभी धर्मों के धर्मगुरुओं ने अपनी जिम्मेदारी संभालते हुए कल से धार्मिक स्थलों में आने वाले सभी अनुयायियों से कोरोना के बचाव से बचाव के लिए सभी तरह के सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने संबंधित सभी नियमों को सोशल मीडिया के जरिए समाज में प्रसारित कर दिया है। नगर के मां मनसा देवी मंदिर, मां चामुंडा देवी मंदिर, मां बाल सुंदरी देवी मंदिर, मोटेश्वर महादेव मंदिर, नागनाथ मंदिर, मां गायत्री देवी मंदिर, साईं मंदिर, श्री बालाजी पावन धाम मंदिर, नगर की विभिन्न मस्जिदों, गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के साथ-साथ महावीर जैन मंदिर और गिरिजाघर में साफ सफाई के साथ-साथ सैनिटाइजेशन भी किया गया। सभी धार्मिक स्थलों के धर्मगुरुओं ने धार्मिक स्थलों में आने वाले लोगों से साफ सफाई के साथ आने की अपील की तथा कोरोना वायरस को जड़ से खत्म करने की प्रार्थना करने की अपील की।




