रेलवे प्रशासन द्वारा इस लाॅकडाउन अवधि में श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुॅचाने हेतु सम्पूर्ण भारतीय रेल पर श्रमिक विशेष गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। 17 मई, 2020 तक पूर्वोत्तर रेलवे पर 267 श्रमिक विशेष गाड़ियों से लगभग 3,40,000 प्रवासी श्रमिकों को विभिन्न स्टेशनों पर पहुॅचाया गया। इसी क्रम में इज्जतनगर मंडल के स्टेशनों पर 16 श्रमिक विशेष गाड़ियां आयी। इनके माध्यम से कन्नौज में 2727, फर्रूखाबाद में 2496, कासगंज में 11142, काठगोदाम में 1028 तथा लालकुआं में 2544 यात्रियों सहित कुल लगभग 19937 प्रवासी श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया।
प्रवासी श्रमिकों के अपने निवास के निकटवर्ती स्टेशनों पर आते ही उनके चेहरे पर खुशी स्पष्ट परिलक्षित हो रही है। प्रवासी श्रमिकों से स्टेशन पर गाड़ियों से उतरते ही निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए उनके थर्मल स्क्रीनिंग करायी जा रही है और आवश्यक जांच के उपरान्त जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गंतव्य तक भेजा जा रहा है। लम्बी दूरी की श्रमिक विशेष गाड़ियों में खाने के पैकेट एवं पानी उन्हें दिये जा रहे है। रेलवे प्रशासन द्वारा राज्यों की मांग पर आवश्यकतानुसार श्रमिक विशेष गाड़ियों का संचलन आगे जारी रहेगा।




