मौसम का अभी और बदलेगा मिजाज जिससे पूरे देश में ठंड का प्रकोप और तेजी से बढ़ेगा
सर्द हवाओं के चलते अभी और कंपकंपाएगी ठंड, न्यूनतम तापमान गिरने का अनुमान, जानें कब मिलेगी राहत
देश के उत्तरी क्षेत्र के मैदानी इलाकों में सर्द हवा चलने के कारण ठंड काफी बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को कहा कि अगले सप्ताह के दौरान उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और एक हफ्ते बाद ही थोड़ी राहत की उम्मीद की जा सकती है.
विभाग ने 17-24 दिसंबर और 24-30 दिसंबर तक के अपने पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा. पहले सप्ताह के दौरान देश के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य के करीब या थोड़ा अधिक रहने की संभावना है.
आईएमडी ने कहा, “पहले सप्ताह की पहले हिस्से के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीत लहर बढ़ जाएगी और फिर उसके बाद कम होगी.” मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी.
आईएमडी ने बताया कि पिछले हफ्ते से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दिन और रात का तापमान गिरकर सामान्य से नीचे चला गया है. दूसरे सप्ताह के दौरान, पहले सप्ताह की तुलना में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि होगी.
आईएमडी ने बताया कि हालांकि, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा और देश के शेष हिस्सों में यह सामान्य के करीब या उससे थोड़ा ऊपर रहेगा.।
उत्तराखंड में शीतलहर अगले चार पांच दिन और बेहाल करेगी। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदलेगा और रात का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम रहेगा।रात में पारा गिरने के कारण शीतलहर का प्रकोप रहेगा। हालांकि, दिन का अधिकतम तापमान कुछ बढ़ने के कारण शीत लहर से राहत मिलेगी। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। कोहरे के कारण परेशानी और बढ़ेगी।
मौसम का मिजाज 24 दिसंबर को एक बार फिर बदलने की संभावना है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों के अनुसार 24 से 26 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।प्रदेश के ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में आज घना कोहरा छाया रह सकता है। इससे हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में ठंड बहुत अधिक बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करने के साथ ही लोगों को ठंड से बचाने के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। वहीं, प्रदेश के अन्य इलाकों में भी ठंड बढ़ने का अनुमान है।




