मार्चे डु फिल्म के आनलाइन संस्करण में प्रदर्शित की जाएगी जागर संस्कृति पर बनी फिल्म फायर इन द माउन्टेन्स ,खबर विस्तार से…………
हल्द्वानी।
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल की पारम्परिक जागर आयोजन संस्कृति पर आधुनिक समाज और पुरानी पीढ़ी के विचारों के बीच संघर्ष की कहानी पर आधारित हिन्दी फिल्म ‘फायर इन द माउन्टेन्स’ प्रतिष्ठित मंच मार्चे डु फिल्म में प्रदर्शित की जाएगी।
दक्षिण एशिया के सबसे बड़े फिल्म बाजार राष्ट्रीय फिल्म विकासनिगम(एनएफडीसी)फिल्म बाजार ने फायर इन द माउन्टेन्स सहित पांच भारतीय फिल्मों का चयन 22 से 26 जून तक आयोजित होने वाले मार्चे डु फिल्म (कान्स फिल्म बाजार) के पहले आनलाइन संस्करण में प्रदर्शित किये जाने हेतु किया है।
कुमाऊं क्षेत्र में जागर जैसे अनुष्ठानों में वाघयंत्र हुड़का,थाली बजाकर विशेष किस्म की ध्वनि उत्पन्न कर स्थानीय देवी-देवताओं तथा पूर्वजों की आत्माओं का आह्वान किया जाता है और उन्हें उपचार के लिए बुलाया जाता है।
फिल्म का निर्देशन तथा पटकथा लेखन का कार्य अजित पाल सिंह ने किया है।जबकि चन्दन बिष्ट और विनम्रता राय मुख्य किरदारों की भूमिका में हैं।ख्याति प्राप्त सिनेमैटोग्राफर डामिनिक कालिन फिल्म के फोटोग्राफी निदेशक हैं।
इस फिल्म की अधिकतर शूटिंग पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में हुई है।केवल कुछ दृश्यों को पिथौरागढ़ नगर की बाजार तथा मुनस्यारी से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित बिर्थी जल प्रपात के आसपास फिल्माया गया है।राष्ट्रीय नाट्य विघालय(एनएसडी)के छात्र रहे अभिनेता चन्दन बिष्ट अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया में खत्याड़ी गांव के मूल निवासी हैं।चन्दन ने बातचीत में कहा कि उन्होंने वर्ष 2000 में प्रदर्शित हुई निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म मिशन कश्मीर में अभिनय कर अपने करियर की शुरुआत की थी।वह अब तक अरमान,मिथ्या,रघु रोमियो,हनीमून ट्रैवल्स प्राइवेट लि.,दसविदानिया के अलावा गत वर्ष रिलीज हुई मेड इन चाइना फिल्म में अभिनय कर चुके हैं।




