पंत विश्वविद्यालय फार्म में शुरू हुई धान की कटाई, गेहूं लगाने की भी है तैयारी ।
पंतनगर
पंतनगर विश्वविद्यालय के फार्म ‘पी’ खण्ड, बेनी में कुलपति, डा. तेज प्रताप द्वारा बासमती धान पूसा-1509 की कटाई का शुभारम्भ कम्बाईन द्वारा किया गया। इसके उपरान्त उन्होंने सघन कृषि प्रणाली के अन्तर्गत ग्रीष्मकालीन मक्का, के उपरान्त प्रक्षेत्र में लगाये गये धान की फसल तथा 100 एकड़ में लगे हुए पर्वतीय प्रजाति के धान की फसल का भ्रमण कर निरीक्षण किया और फसलों एवं फार्म मैं तैयार हो रही फसलों की जानकारी हासिल की।
मुख्य महा प्रबन्धक फार्म, डा. डी.के. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय फार्म लगभग 547 एकड़ क्षेत्रफल में धान के विभिन्न मैदानी एवं पहाड़ी प्रजातियों के बीज का उत्पादन किया जा रहा है, जिसमें 45 एकड़ क्षेत्रफल में धान की सीधी बुआई की गयी है। डा. सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे धान की फसल की कटाई होती जायेगी, उसी क्रम में शीघ्र बोये जाने वाली गेंहू की प्रजातियों की बुआई भी की जायेगी। उन्होंने बताया कि कई वर्षों बाद सितम्बर माह में धान की कटाई की गयी है, सामान्यतः इससे पूर्व 15 अक्टूबर के बाद ही धान की कटाई होती थी।
इस अवसर पर इंजीनियर, आर.के. सिंह; प्रबन्धक तकनीकी, श्री ए.के. तोमर, सहायक निदेशक बेनी, श्री बिकेश कुमार के साथ फार्म के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।




