चमोली-
मौसम विभाग के 2 दिन के दिए गए पूर्वानुमान के अनुसार आज भी लगातार बरसात का दौर जारी है पर्वती क्षेत्रों में हो रही भारी बरसात एवं भूस्खलन के चलते भारी नुकसान का भी समाचार है। लामबगड़ क्षेत्र में हुई बारिश के कारण खचडा और लामबगड़ नाले भारी उफान पर हैं। इस कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-7 कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। खचडा नाले में पानी के साथ बहकर आए ग्लेशियर से एक अस्थायी दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है।

वहीं, लामबगड़ नाले के उफान पर आने से बदरीनाथ को जाने वाली सड़क लामबगड़ में बह गई है। यहां एक ट्रक भी बीच नाले में फंसा हुआ है। बता दें कि, बताते चलें कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चमोली में बुधवार से ही लगातार बारिश का कहर जारी है। इसके साथ ही बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। अतिवृष्टि के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। लामबगड़ क्षेत्र में हुई तेज बारिश से आसपास के नाले उफान पर हैं। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ में अचानक नाले में उफान पर आने से एक मालवाहक ट्रक बीच नाले में फंस गया है। चालक और हैल्पर ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई है। मौके पर स्थानीय लोग मौजूद हैं। पिछले 2 दिन से लगातार क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दिए राज्य के सभी जिला अधिकारियों को निर्देश
उत्तराखंड में कई स्थानों से अतिवृष्टि और भूस्खलन की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने संबंधित जिलाधिकारियों को फोन कर प्रभावितों तक तुरंत सहायता पहुंचाने तथा घायलों के समुचित इलाज और बेघर लोगों के भोजन व रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नुकसान का आकलन करते हुए प्रभावितों को अविलंब अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए हैं। किसानों कि फसलों को हुए नुक़सान का आँकलन कर शीघ्र मुआवज़ा देने के लिए भी ज़िलाधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारू करने के लिए राज्य सरकार समुचित प्रबंध कर रही है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर अतिवृष्टि से हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही राजस्व पुलिस, पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गई ।




