देहरादून:
पूरे राज्य में मौसम के बदले मिजाज के बाद मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में बारिश कहर बन कर बरस रही है। पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन अस्त- व्यस्त है। नदियां उफान पर है। नदियों का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। विभाग ने 28 और 29 जुलाई के लिए देहरादून और नैनीताल समेत सात जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है जनपदों के जिलाधिकारी ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश अधीनस्थों को दिया है।
इन सबके बीच मसूरी से डरावनी तस्वीर देखने को मिल रही है
मसूरी में पूरी रात हुई मूसलाधार बारिश से कैंपटी फाल ने विकराल रूप ले लिया है। इसे देखते हुए पुलिस ने फॉल के आस-पास के दुकानों को खाली करवाया है। देहरादून में एक पुल बहने की खबर सामने आ रही है। कई दुकानों और घरों में पानी घुस गया है।
बता दें कि देहरादून शहर के बीचो बीच डोभालवाला और बकरालवाला को जोड़ने वाला पुल आज बह गया। पुश्तों पर बना हुआ ये सीमेंटेड पुल था। एक महीने पहले इसका एक पिलर बह गया था। स्थानीय लोग लगातार जनप्रतिनिधियों को इसके बारे में अवगत करा रहे थे। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब आज सुबह सुबह ये बह गया, इसके साथ ही पानी की लाइने भी टूट गई हैं। वहीं मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कत पेश आ रही है। मसूरी गलोगी पावर हाउस के पास लगातार भूस्खलन होने से मार्ग बाधित हो रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क बंद होने से मसूरी को दूध सप्लाई वाहन 10 बजे पहुंच पाए। कैंपटी फॉल में जलस्तर बढ़ने से कारण खतरा और भी बढ़ गया है। पुलिस द्वारा कैंपटी फॉल को सुरक्षा के दृष्टिगत खाली करवा लिया गया है। वहीं, पानी से साथ कैंपटी फॉल में भारी मात्रा में मलबा भी आ रहा है। वहीं मालदेवता रोड पर सड़क पर मलबा आने के कारण पहाड़ों को जाने वाला रास्ता बाधित है। किसी तरह की जनहानि नहीं है। जेसीबी से सड़क पर मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। दून में सौंग नदीं का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्र गौहरीमाफी व साहब नगर गांव के लोग दहशत में हैं। दूसरी और इस बारिश से अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
वही मंगलवार देर रात से हो रही बारिश बुधवार की सुबह भी जारी है। जिस वजह से लोग दहशत में हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री हाईवे सहित कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। नदी किनारें रहने वाले लोग दहशत में हैं। अन्य इलाकों में भी रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई तक मौसम के मिजाज में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है।
उत्तरकाशी जनपद में देर रात से हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने जीवन रेखा से जुड़े विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। बुधवार प्रातः जिला आपात परिचालन केंद्र में बैठक लेते हुए जिलाधिकारी ने बारिश के कारण बन्द राष्ट्रीय राजमार्गों व आंतरिक सड़क मार्गों को तेजी के साथ खोलने के निर्देश एनएच, बीआरओ व लोनिवि को दिए। पेयजल लाइनों,विद्युत आपूर्ति को युद्ध स्तर पर बहाल करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने फील्ड अधिकारी एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए तथा मोबाइल नम्बर ऑन रखने को कहा। साथ ही सड़क महकमें के अधिशासी अभियंता धरातल में जाएं व अवरुद्ध सड़क मार्गों को युद्ध स्तर पर आवागमन के लिए सुचारू करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि देर रात भारी बारिश से यमुनावैली में विद्युत आपूर्ति बंद है। चिन्यालीसौड़ में विद्युत पोल के धसाव से सब स्टेशन बंद है कल्याणी,धौन्तरी सब स्टेशन सुरक्षा के दृष्टिगत बन्द किया गया है। लोक निर्माण विभाग की 46 सड़कें बन्द है। बड़ेथी व चिन्यालीसौड़ में पेयजल आपूर्ति बंद है।




