तस्करी कर लाई गई चाइनीज मटर की खेप को एसएसबी ने पकड़ा
-संपूर्णानगर क्षेत्र में इन दिनों जोरों पर चल रहा है चाइनीज मटर की तस्करी का कार्य
-एसएसबी व कोतवाली पुलिस लगातार कर रही आरोपियों पर कार्रवाई

विश्वव कांत त्रिपाठी
पलियाकलां-खीरी।
एसएसबी 49वीं वाहिनी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की सुबह तस्करी कर लाई गई चाइनीज मटर की खेप को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
संपूर्णानगर क्षेत्र में इन दिनों चाइनीज मटर का अवैध कारोबार जोरों पर किया जा रहा है। रोजाना बड़ी मात्रा में तस्कर लाखों रुपए कीमत की चाइनीज मटर नेपाल से भारत लाई जा रही है। साइकिल, बाइक और चौपहिया वाहनों के माध्यम से सूरज ढलते ही चाइनीज मटर का यह अवैध कारोबार शुरू हो जाता है जो कि तड़के सुबह तक किया जाता है। इसी क्रम में एसएसबी 49वीं वाहिनी ने मुखबिर की सूचना पर पिलर संख्या 770/3 के पास नेपाल से भारत आते समय 9 कुंटल 50 किलो चाइनीज मटर को पकड़ा लिया। बरामद माल की कीमत करीब 95 हजार रूपए आंकी जा रही है। जिसे कागजी कार्रवाई के बाद पलिया कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है। टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार, आरक्षी अवधेश, महेंद्र, रविंद्र, केवी, जगदीश, महिला आरक्षी रजनी, राधा, भावना आदि शामिल रहीं।




