जर्नी ऑफ इंडियन क्राफ्ट पर पैनल चर्चा का आयोजन
पंतनगर
पंतनगर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर वस्त्र एवं परिधान विभाग द्वारा ’जर्नी ऑफ इंडियन क्राफ्ट: लोकल टू ग्लोबल’ विषय पर एक पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। इस पैनल चर्चा में टैक्सटाइल डिजाइनर, श्री देबोज्योति सेनगुप्ता, श्री अभिषेक, श्री सिदार्थ आनंद, श्री विषू नेगी, कु. रूचि कश्यप, ट्रस्टी, आत्मशक्ति तथा कु. भूमिका सिंह, विषेषज्ञ, सिरेमिक एवं ग्लास डिजा़नर ने कार्यक्रम में अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर देबोज्योति सेनगुप्ता ने भारतीय हस्तशिल्प उद्योग पर विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा हस्तकला की नवोन्मेषण के महत्वपूर्ण महत्व के बारे में अवगत कराया एवं कु. रूचि कश्यप ने महिला सशक्तिकरण, भारतीय क्राफ्ट के समागम एवं हस्तशिल्प से संबंधित सरकारी नीतियों के बारे में जानकारी दी। कु. भूमिका सिंह ने दुर्लभ कला कृतियों एवं क्राफ्ट को पुर्नजीवित करने की आवश्यकता पर बल दिया। टैक्सटाइल डिजाइनर, श्री विशू नेगी एवं सिद्धार्थ आनंद ने हस्ताशिल्प वस्तुओं के ब्राण्ड निर्माण तथा ई-काॅमर्स विपणन के बारे में जानकारी दी।

अधिष्ठात्री, गृह विज्ञान महाविद्यालय, डा. अल्का गोयल, ने बताया कि हस्तशिल्प को सफल उद्योग के रूप में जीवंत करना आज के युग में अति आवश्यक है। डा. गोयल ने विषेषज्ञों को इस चर्चा में अपने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त करने के लिए धन्यवाद दिया। इस पैनल चर्चा में विभागाध्यक्ष, वस्त्र एवं परिधान विभाग की डा. शहनाज जहां, प्राध्यापिका, डा. अनीता, सहायक प्राध्यापिका, डा. शेफाली मैसी तथा अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर, वस्त्र एवं परिधान विभाग, डा. मनीषा गहलौत द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड से लगभग 100 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑन-लाइन प्रतिभाग किया।




