भोजीपुरा
उत्तर प्रदेश के भोजीपुरा जनपद में एक महिला के साथ एक व्यक्ति ने महिला का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया तथा बाद में विरोध करने पर उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।
बदायूं की एक महिला ने पति के दोस्त पर नहाते समय लिया गया वीडियो वायरल कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर महिला के तीन माह के बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने अब मामले की शिकायत एसएसपी से की है। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने भोजीपुरा पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
जिला बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि भोजीपुरा थाना क्षेत्र के जादोपुर में निवासी उसके पति के दोस्त का घर पर आना-जाना था। एक दिन पति के दोस्त ने नहाते हुए उसका वीडियो बना लिया। उसके बाद ब्लैकमैल करके कई बार उसके साथ संबंध बनाए।
महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे सैदपुर के एक मकान में दो माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर तीन माह के बेटे को जान से मारने की धमकी दी। महिला किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। पति को घटना की जानकारी दी तो उसने बदनामी के डर से पुलिस में शिकायत करने से इंकार कर दिया।
उसके बाद पीड़िता अपने मायके में रहने लगी। इस बीच 30 मार्च को कुतुबखाना बाजार में खरीदारी करने के लिए गई थी। तभी आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और जबरन अपने साथ ले जाने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी भाग गए। शुक्रवार को महिला ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।




