Kiccha
किच्छा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हवन का आयोजन कर केन्द्र सरकार एवं राज्य की त्रिवेन्द्र सिंह रावत सरकार को सन्मति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।
नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता आज यहां रामलीला मंच के निकट एकत्रित हुए और पुरोहित अरुणेश मिश्रा के दिशा निर्देशन में विधि-विधान से हवन किया।
इस अवसर पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री डा.गणेश उपाध्याय ने कहा कि डीजल और पेट्रोल के दामों में दिनोंदिन बढ़ोतरी हो रही है और महंगाई के चरम सीमा पर पहुंचने के कारण आमजनों के लिए आजिविका चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि हमको यह विश्वास है कि ईश्वर देश के प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को सन्मति प्रदान करेंगे।
हवन आयोजन में उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पुष्कर राज जैन, नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष दर्शन कोहली, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




